वैशपुर में आयोजित जश्न ए इमरान में कवियों व शायरों ने अपनी रचनाओं से लोगोें को वाहवाह करने पर मजबूर कर दिया। समारोह में प्रतिभाओं का सम्मान भी किया गया। भारी संख्या में आए श्रोताओं ने कवियों व शायरों की रचनाओं को तहेदिल से सराहा। कवि सम्मेलनों में जिले का नाम रोशन कर रहे शायर इमरान प्रतापगढ़ी के सम्मान में वैशपुर में जश्न ए इमरान का आयोजन किया गया। आयोजक मोहम्मद शमीम की देखरेख व सलीम खान के संचालन में प्रारंभ हुआ कार्यक्रम शायर इमरान प्रतापगढ़ी के पहुंचने के बाद ऊंचाई पर पहुंचा। इस मौके पर कवि अबू सैद प्रतापगढ़ी ने पढ़ा कि मां ने मुझे अपना दूध पिलाया, थपकी देकर मुझे सुलाया है।
कक्षा छह के छात्र अरफाक ने पढ़ा कि मेरा मुल्क चाय की दुकान नहीं है। बरसाती वैद्य ने पर्यावरण पर रचना पढ़ी वन सबकी जान बचाए है। बिहारी लाल अंबर ने भी अपनी रचनाओं से लोगों को हंसाकर लोटपोट कर दिया। इसके बाद माइक इमरान प्रतापगढ़ी ने संभाला और श्रोताओं की मांग पर अनेकों रचनाएं सुनाकर महफिल लूटी। इस मौके पर अयाजुद्दीन, बाबा लतीफ, जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद जलील, लल्लन भाई, मैसाद अहमद, पूर्व विधायक हाजी अब्दुल सलाम मुन्ना, पूर्व ब्लाक प्रमुख नसीम, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र सिंह मुन्ना समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस मौके पर प्रतिभाशाली छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। अंत में आयोजकों ने इमरान प्रतापगढ़ी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।