शुक्रवार को प्रतापगढ़ जीआरपी थाने का निरीक्षण करने पहुंचे सीओ लखनऊ आरडी यादव के पूछे गए सवालों का पुलिस कर्मियाें ने उल्टा-सीधा जवाब दिया। स्मोक ग्रेनेड को टाइम बम और एंटी राइडगन को आंसू गैस बताया। जिसे सुनने के बाद सीओ ने माथा ठनक गया। उन्होंने लापरवाह पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई। हालांकि थाने की साज-सज्जा और अभिलेखों के रखरखाव से सीओ संतुष्ट नजर आए।
सीओ आरडी यादव शुक्रवार को वार्षिक मुआयने पर प्रतापगढ़ थाने पहुंचे। इस दौरान आरडी यादव ने मालखाने और अभिलेखों का निरीक्षण किया। मालखाने में रखे असहलों को निकालकर उसके बारे में बारी-बारी से पुलिसकर्मियों से पूछना शुरू कर दिया। एक-दो को छोड़कर कोई भी पुलिसकर्मी उनके सवालों का सही जवाब नहीं दे सका। स्मोक ग्रेनेड को टाइम बम, एंटी राइडगन को आंसू गैस बताने लगे। इंसास राइफल को चलाने का सही ढंग भी पुलिसवालों को नहीं पता था। गलत जवाब सुनकर सीओ खीझ गए। उन्होंने कई पुलिसकर्मियों की क्लास ली। सीओ के निशाने पर जब दरोगा और एसओ आए तो वे इधर-उधर झांकने लगे।