निर्धारित समय के भीतर स्कूलों के शौचालयों को दुरुस्त न कराने से नाराज बीएसए एसटी हुसैन ने गुरुवार को 16 खंड शिक्षा अधिकारियों का वेतन रोक दिया। केवल सदर ब्लाक के विद्यालयों में शौचालय को दुरुस्त कराने का काम निर्धारित तिथि के अंदर पूरा हो सका है। शौचालयों को ठीक कराने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को 25 जून तक की मोहलत दी गई थी।
गर्मियों की छुट्टी के बाद विद्यालय खुलने वाले हैं। इसे देखते हुए बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया था कि विद्यालयों में बने शौचालयों को 25 जून तक दुरुस्त करा दिया जाए और शौचालयों की फोटो सहित रिपोर्ट कार्यालय को दें। यह काम केवल सदर में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी ने पूरा किया। बाकी के खंड शिक्षा अधिकारी इस काम में लापरवाही बरतते रहे। नतीजा ये हुआ कि लापरवाही बरतने वाले जिले के 16 खंड शिक्षा अधिकारियों को देर शाम बीएसए ने कड़ी फटकार लगाई।
नाराज बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी का वेतन रोक दिया है। देर शाम हुई इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। बीएसए एसटी हुसैन ने बताया कि इस कार्रवाई के बाद सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को काम पूरा करने के लिए एक मोहलत और दी जाएगी। इसके बाद भी जो शौचालयों को दुरुस्त नहीं करा पाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए संस्तुति पत्र डीएम को भेजा जाएगा।
शासन ने बेसिक स्कूलों की पुताई का आदेश विभाग को दिया है। इस पर विद्यालयों की रंगाई पुताई के लिए सभी प्रधानाध्यापकों व खंड शिक्षा अधिकारियों को बीएसए ने निर्देश जारी कर दिया। बीएसए ने बताया कि इस काम में भी लापरवाही बरती जा रही है। लापरवाही बरतने वाले प्रधानाध्यापकों की सूची वह तैयार करा रहे हैं। जल्द ही बड़ी संख्या में प्रधानाध्यापकों के खिलाफ भी उन्होंने कार्रवाई करने की बात कही है।