ओलावृष्टि के तहत तीन महीने से तहसील को आवंटित दो करोड़ की धनराशि डंप होने को लेकर डीएम का पारा सातवें आसमान पर चढ़ आया। बुधवार को तहसील दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह जनसमस्याओं की सुनवाई कर रहे थे। इस बीच उन्हें जानकारी हुई कि ओलावृष्टि के तहत तहसील क्षेत्र के किसानों के लिए शासन द्वारा जारी दूसरी किश्त की दो करोड़ की धनराशि यहां डंप पड़ी हुई है। डीएम ने तहसीलदार को तलब कर जानकारी हासिल की तो पता चला कि उनका खाता संचालन न होने के कारण प्रभावित किसानों को सहायता राशि का चेक नही बंट पा रहा है। इस पर डीएम की भृकुटी एसडीएम की ओर भी तन गई। तहसील प्रशासन ने बैंक से चेक न मिलने की भी बहानेबाजी शुरू कर दी। नाराज डीएम ने एसडीएम वाईबी सिंह तथा तहसीलदार भगवानदास कमलवंशी को जमकर फटकार लगाते हुए एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए स्वीकृत धनराशि के सापेक्ष चेक वितरण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं के निस्तारण के बाबत मातहतों को हिदायत दी कि तहसील दिवस की शिकायतें ऑनलाइन दर्ज होंगी और इसका समाधान भी आनलाइन दर्शाया जाएगा। उन्हाेंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का समाधान किसी भी मातहत के द्वारा भले ही किया जाएगा, लेकिन अंतिम जिम्मेदारी विभाग के जिलास्तरीय अधिकारी की ही सुनिश्चित होगी। डीएम ने कहा कि शिकायतों का समाधान फरियादी की संतुष्टि ही है। तहसील दिवस में वृद्धा पेंशन के तहत कई माह से खाते में धनराशि न आने को लेकर फरियादियों की भरमार देखी गई। नोती ग्राम की सुनीता ने शिकायती पत्र में कहा कि उसके ससुर की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई, फिर भी लेखपाल ने वरासत नहीं की। इस पर डीएम ने तहसीलदार को सप्ताह भर के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिवक्ता विकास मिश्र ने कस्बे में जलनिगम की टंकी द्वारा पेयजल आपूर्ति न किए जाने की शिकायत की।
इस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता जलनिगम को तलब कर सप्ताह भर के भीतर प्रत्येक दशा में आपूर्ति सुचारु बनाने को कहा। कल्याणपुर की प्रधान संगीता ने ग्राम पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। इस पर डीएम ने तहसीलदार को मौके पर जाकर तीन दिवस के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक माधव प्रसाद वर्मा ने कानून और व्यवस्था से जुड़े प्रार्थना पत्रों की सुनवाई करते हुए थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसील दिवस में कु ल 285 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें से चार का निस्तारण किया गया। राजस्व की 93, पुलिस 56, विकास 31, समाज कल्याण 4 , शिक्षा 5, स्वास्थ्य 4, अन्य 92 शिकायतें हैं। इस मौके पर सीडीओ महेन्द्र बहादुर सिंह, डीडीओ रमाकांत तिवारी, सीएमओ डॉ. वीके पांडेय, एसडीएम वाईबी सिंह, सीडीपीओ अनुपम मिश्रा, अधिशासी अभियंता लोनि ओपी सोनकर, बीएसए माधवजी तिवारी आदि रहे। तहसील दिवस में किसान पंजीकरण शिविर व विकलांग प्रमाणपत्र शिविर भी लगाया गया था।