सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण की लापरवाही के चलते अपात्रों को मिलने वाली समाजवादी पेंशन की रिकवरी नहीं हो पा रही है। गड़वारा और चौरा ग्रामपंचायत के लिए जारी नोटिस अभी तक गांव तक नहीं पहुंची है। क्षेत्र के गड़वारा में 13 और चौरा ग्राम पंचायत में11 अपात्रों को समाजवादी पेंशन दी गई है। डीएम के आदेश पर समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह ने घर-घर जाकर हकीकत देखने के बाद जल्द ही रिकवरी करने को कहा था। दो माह बाद भी पेंशन की रिकवरी नहीं हुई है।
समाज कल्याण विभाग ने एडीओ समाज कल्याण को 24 लोगों को नोटिस रिसीव कराने का निर्देश दिया। एडीओ समाज कल्याण रामसूरत पांडेय से जब इस बाबत पूछा गया तो उनका कहना था कि रिकवरी कराना विभाग का काम नहीं है, बल्कि तहसील प्रशासन के लोग करते हैं। उन्होंने बताया कि जिन लोगों को नोटिस नहीं मिला है, उन्हें जल्द ही मिल जाएगा। वहीं दूसरी ओर, पेंशन दिलाने का ठेका लेने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर अपात्रों को कुछ नहीं होने देने का दावा कर रहे हैं। समाज कल्याण अधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि जल्द ही आरसी जारी की जाएगी।