शुक्रवार की रात अचानक हाईवोल्टेज से सियाराम कॉलोनी के लोगों के टीवी, फ्रिज और सीएफएल एक-एक करके फुंक गए। अचानक वोल्टेज बढ़ने से हुई घटना से हड़कंप मच गया। जब तक मोहल्ले के लोग समझ पाते काफी नुकसान हो चुका था। आग लगने की आशंका से घबराए लोगों ने पावर हाउस और अधिकारियों को फोन किया, मगर किसी का फोन नहीं उठा। अचानक पनकी से बिजली सप्लाई बंद की गई।
सियाराम कॉलोनी में मोड़ के पास रखे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली और वोल्टेज हाई हो गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते उनके घरों के सीएफएल तेज आवाज के साथ दगने शुरू हो गए। कई घरों में बोर्ड से आग निकलने लगी। स्वीच पिघलकर बाहर निकल आई। डर के मारे लोग घरों से बाहर निकल आए। वोल्टेज बढ़ने से फ्रिज, इनर्वटर, टीवी आदि बिजली के उपकरण जल गए। लाइट कटने के लिए लोगों ने शहर के बिजली अधिकारियों और रूपापुर पावर हाउस पर फोन किया। मगर कहीं भी फोन नहीं उठा। बाद में लोगों ने एक्सईएन एके श्रीवास्तव को फोन किया। उन्होंने एसडीओ से बात करने की बात कही। रात करीब नौ बजे अचानक पनकी से लाइट कटी। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। अगर शार्ट सर्किट से आग लग जाती तो न जाने क्या होता।
मोहल्ले के लोगों के अनुसार वोल्टेज 430 था। यानि मानक से दोगुना। फिलहाल जर्जर तारों के न बदलने के कारण ऐसा हो रहा है। ट्रांसफार्मर की भी हालत ठीक नहीं है। बिजली अधिकारियों ने कॉलोनी में एक और नया ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही थी। ट्रांसफार्मर भी ले लिया गया। मगर उसको लगाया नहीं गया। अकेेला ट्रांसफार्मर कॉलोनी का लोड उठा नहीं पा रहा है। एसडीओ घनश्याम तिवारी का कहना है कि रात में किसी ने कटियामारी और बाद में खींच ली। जिससे की तार आपस में चिपक गए। कटिया मारने वाले की तलाश की जा रही है।