उड़ैयाडीह स्थित पेट्रोलपंप लूटने जा रहे बदमाशों के कंधई पुलिस के गिरफ्त में आने के बाद इलाके में पेट्रोल पंपों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने पेटोलपंपों पर पहुंचकर सुरक्षा की जानकारी ली। इस दौरान सुरक्षा में व्यापक खामियां नजर आईं। उड़ैयाडीह में दो पेट्रोल पंप हैं। दोनों बाजार-बस्ती से हटकर हैं। यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। यही नहीं इन पेट्रोल पम्पों पर पुलिस विभाग के किसी जिम्मेदार अधिकारी, अगिभनशमन विभाग का मोबाइल नंबर नहीं लिखा गया है। सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं।
जिससे आन-जाने वालों की गतिविधियां पता नहीं चल पातीं। पम्प पर कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी मालिकों की तरफ से कोई इंतजाम नहीं है। सुरक्षा में इस तरह की चूक को लेकर अफसर फिक्रमंद नहीं हैं। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले कुछ दिनों से उड़ैयाडीह का इलाका बदमाशों के निशाने पर है। यहां हाल ही में छोटी-बड़ी दर्जनों चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीण बैंक की तिजोरी तक भी बदमाश पहुंच गए। यह तो संयोग ही था कि कटर से तिजोरी नहीं कट सकी। नहीं तो लाखों रुपये गायब हो जाते। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने कुछ सक्रियता दिखाई। वाहन चेकिंग के साथ पिकेट ड्यूटी लगाई गई, लेकिन एक भी मामले का खुलासा नहीं हो सका। इसी बीच कंधई में पकड़े गए बदमाशों से पेट्रोल पम्प लूटने की योजना का खुलासा होने के बाद दुकानदारों को भय सताने लगा है।