गोली लगने से घायल व्यापारी नेता महादेव केसरवानी ने छह दिन बाद मंगलवार को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। खबर मिलते ही परिजन रोने बिलखने लगे और घर के बाहर व्यापारियों का जमघट लगने लगा। इस दौरान कई थानों की पुलिस भी मुस्तैद हो गई। व्यापारी का शव एंबुलेंस से लेकर परिजन रवाना हो चुके हैं। बुधवार को प्रतापगढ़ में ही शव का पोस्टमार्टम होगा।
बतादें कि सदर बाजार निवासी लोहा कारोबारी महादेव केसरवानी को 10 जून की सुबह घर में सोते समय करीब नौ बजे गोली मार दी गई थी। सिर में गोली लगने के चलते उन्हें पहले इलाहाबाद के जीवन ज्योति अस्पताल ले जाया गया। दूसरे दिन एयर एंबुलेंस से गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया। वहां वेंटीलेटर पर रखकर डाक्टर उनका इलाज कर रहे थे। बेटा अमित व भतीजा बबलू दिनरात मौजूद थे। मंगलवार की शाम करीब 6.30 मिनट पर महादेव ने अंतिम सांस ली। इस बात की खबर जैसे ही घर पहुंची। परिजन रोने बिलखने लगे। धीरे-धीरे व्यापारियों व नेताओं का उनके घर पर जमघट होने लगा। इस दौरान शहर कोतवाल अनिल कुमार कई थानों की पुलिस के साथ मुस्तैद हो गए। मौके पर अपर जिलाधिकारी पुनीत शुक्ला, एसडीएम सदर जेपी मिश्रा समेत दूसरे अधिकारी पहुंच गए। परिवार के लोगों ने बताया कि एंबुलेंस से व्यापारी नेता का शव लेकर परिजन वहां से रवाना हो चुके हैं। बुधवार को व्यापारी का शव आएगा। शहर कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि शव को यहीं पोस्टमार्टम होगा।