चुनावी रंजिश को लेकर पड़ोसी ने युवक को मारपीट कर अधमरा कर दिया। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव कर नारेबाजी की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के सपहा छात निवासी हरिश्चंद्र वर्मा (35) सोमवार की शाम बाइक से अपने घर जा रहा था। घर से कुछ दूर पहले ही गांव के कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और प्रधानी के चुनाव को लेकर नाराजगी जताने लगे।
कहासुनी के दौरान लोग उसे लाठी-डंडे से मारने लगे। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। घायल हरिश्चंद्र को लेकर आक्रोशित ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर लेकर उसे मेडिकल के लिए भेजा। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण कोतवाली गेट के बाहर डटे हुए थे। प्रभारी कोतवाल प्रभात यादव ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। हालांकि दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात भी चल रही है। फायरिंग की बात गलत है।