अमेठी जिले के विक्रांत की हत्या का खुलासा अभी तक नहीं हुआ। आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन के अंदर खुलासा का दावा करने वाली पुलिस अब चुनाव के बाद आरोपियों का नाम सार्वजनिक करने की बात कह रही है। हालांकि थाने के लॉकअप में पांच दिनों तक बंद रहने वाले आरोपियों को पुलिस ने छोड़ दिया है।
अमेठी जिले के धौरहरा गांव निवासी विक्रांत (23) की हत्या 17 अक्तूबर को उस समय कर दी गई थी, जब वह टाउन एरिया अंतू से दुर्गापूजा देखकर वापस जा रहा था। बताया जाता है कि हत्या का खुलासा करने में फिसड्डी रहने वाले तत्कालीन एसओ मृतुंजय मिश्र को अपनी कुर्सी भी गंवानी पड़ी। थाने की कमान संभालते ही नवागत एसओ ने तीन दिन के अंदर ही एक महिला समेत तीन आरोपियों को दबोच कर थाने के लॉकअप में डाल दिया।
पुलिस हत्या का खुलासा करती, इससे पहले आरोपियों को छुड़ाने के लिए नेताओं के फोन घनघनाने लगे। बताते हैं कि पहले तो दरोगा अपनी बात पर अडे़ रहे, मगर बाद में आरोपियों को लॉकअप से छोड़ दिया गया। अंतू एसओ राजकिशोर ने नेताओं के दबाव से इनकार करते हुए बताया कि हत्यारोपी उनके संपर्क में हैं, पंचायत चुनाव के बाद हत्या का खुलासा किया जाएगा।