अब नौनिहालों का भी अभियान चलाकर आधार कार्ड बनाया जाएगा। केंद्र सरकार के निर्देश पर समेकित बाल विकास परियोजना विभाग को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत जीरो से पांच वर्ष तक के नौनिहालों का आधार कार्ड कैंप लगाकर संबंधित एजेंसी को आगामी 31 दिसंबर तक बनाना होगा। सचिव महिला एवं बाल विकास भारत सरकार के बीते 28 अक्तूबर को आए पत्र के तहत निदेशक बाल विकास परियोजना आनंद सिंह ने सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर ऐसे नौनिहालों का बायोडाटा तत्काल पूर्ण कराए जाने को कहा है। सूचना एवं प्रौद्योगिकी व इलेक्ट्रानिकी मंत्रालय तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस अभियान के लिए विभिन्न जिलों व विकासखंडों की परियोजनाओं में अलग-अलग एजेंसियों को शीघ्र नामित किया जाएगा।
जनपद वार नामित एजेंसियों को आंगनबाड़ी केन्द्रों तथा परिषदीय विद्यालयों में कैंप लगाकर नौनिहालों के आधार कार्ड को तैयार किए जाने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रत्येक माह की पांच एवं बीस तारीख को आधार कार्ड बनाए जाने के लिए कैंप लगाए जाएंगे। आधार कार्ड के बनाए जाने को लेकर शासन ने आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत सभी दायरे में आने वाले बच्चों को शामिल किया है। इसमें केन्द्रों पर चिन्हित कुपोषित तथा अतिकुपोषित बच्चों के साथ सामान्य श्रेणी के बच्चे भी एक साथ लाभान्वित हो सकेंगे। शासन ने भेजे गए परिपत्र में परियोजनाओं में तैनात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिए गए प्रोफार्मा में बच्चों के अभिभावक तथा उनकी आर्थिक स्थिति समेत कई बिंदुओं पर गहन जांचकर जानकारी तलब की है। शासन का पत्र आने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा अभियान के तहत कवायद शुरू कर दी गई है।