बीएसए एसटी हुसैन सोमवार को पुराने तेवर में एक बार फिर नजर आए। उन्होंने 15-15 वर्षों से अपना सिक्का जमाने वाले विहार और कालाकांकर के खंड शिक्षा अधिकारियों को लापरवाही पर फटकार लगाते हुए एक-एक दिन का वेतन काटते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बीएसए ने एक शिक्षक और एक शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
सोमवार को कुंडा तहसील में बीएसए एसटी हुसैन वजन दिवस में पर्यवेक्षक के रूप में लगे शिक्षकों को प्रशिक्षण देने पहुंच गए। उनकी पहली मुलाकात एबीआरसी सुशील तिवारी से हुई।
प्रशिक्षण से अधिकांश शिक्षकों के गायब रहने और निर्माण संबंधी सही सूचना नहीं देने पर सुशील तिवारी को निलंबित कर दिया। विहार के खंड शिक्षा अधिकारी राममिलन यादव को जानकारी होने के बाद भी गायब रहने और कालाकांकर बीईओ सुनील कुमार की लापरवाही पर एक-एक दिन का वेतन काटते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कुंडा के रास्ते टेऊंगा प्राइमरी स्कूल पहुंचने पर गायब मिली शिक्षिका अलका सिंह को निलंबित और हेडमास्टर राजेंद्र ओझा को नोटिस थमाया है। लालगंज कस्तूरबा आवासीय विद्यालय में गायब वार्डेन प्रतिभा और शिक्षिका विभा, नवीन, सुंदरलाल के गायब रहने पर सेवा समाप्ति का नोटिस दिया है।