बेखौफ मनचले युवकों की हरकत से छात्राओं का पढ़ना-लिखना कांटो भरा हो गया है। कालेज तक पहुंचने में उन्हें अश्लील व्यंग का सामना करना पड़ता है। नगर कोतवाली क्षेत्र के नौबस्ता की रहने वाली एक छात्रा की पढ़ाई लिखाई पड़ोसी युवकों की हरकतों की वजह से बंद हो गई है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। शहर के एमडीपीजी में पढ़ने वाली बीए तृतीय वर्ष की छात्रा ने परिजनों के साथ गुरुवार को एएसपी पश्चिमी से अपना दर्द बयां किया। उसका कहना था कि पड़ोस के कुछ युवक आए दिन उसे छेड़ते हैं।
यहां तक कि घर के बाहर निकलते ही उसका पीछा करना शुरू कर देते हैं। कई बार परिजनों ने विरोध भी जताया लेकिन उनमें कोई सुधार नहीं हुआ। एक दिन जब छात्रा ने पुलिस से शिकायत करने की धमकी दी तो मनचले युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर उसके कपड़े तक फाड़ डाले। बेखौफ युवकों की इस हरकत से छात्रा डरी और सहमी हुई है। परिजनों ने उसका घर से निकलना बंद कर दिया। आरोप है कि इसके बावजूद भी वे युवक उनके घर के आस-पास मंडराते हैं। पीड़ित परिजनों ने कार्रवाई की मांग की है।