लोकसभा चुनाव करीब देख हरियाणा की शराब डंप की जा रही है। शराब तस्कर जिले में बड़ी खेप डंप कर रहे हैं। ताकि चुनाव का ऐलान होते ही चेकिंग के चक्रव्यूह में उनका व्यवसाय प्रभावित न हो। डंप शराब चुनाव में बेचकर मोटी कमाई करेंगे। जिले में पहले भी हरियाणा, मध्य प्रदेश व पंजाब की शराब पकड़ी जा चुकी है। अभी तक गुर्गों पर पुलिस का शिकंजा कसता रहा, लेकिन बड़े शराब माफिया के खिलाफ कभी कार्रवाई नहीं की गई।
लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश की सीमाओं पर वाहनों की सघन चेकिंग के साथ ही आने-जाने वाले लोगों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। आदर्श आचार संहिता को करीब देखते हुए जिले के शराब माफिया सक्रिय हो गए हैं। जनपद के संग्रामगढ़, महेशगंज, जेठवारा, मानधाता, देवसरा और अंतू में हरियाणा, मध्य प्रदेश और पंजाब से लाकर अंग्रेजी शराब डंप की जा रही है। शराब माफियाओं ने अब अपना ठौर बदल लिया है।
पहले ईंट भट्ठों व मुर्गी फार्म के साथ ही घर को अवैध शराब रखने का गोदाम बनाया जाता था। अब शराब माफियाओं ने काम करने वाले मजदूरों व वाहन चालकों की मदद से नया ठिकाना बना लिया है। शराब माफिया यह जानते हैं कि चुनाव का ऐलान होने के साथ ही पुलिस की गतिविधि तेज हो जाएगी। चुनाव में शराब की खूब बिक्री भी होगी। जिससे शराब माफिया मोटी कमाई कर सकेंगे।
वैसे भी पुलिसिया कार्रवाई में शराब सरगना को पुलिस लेनदेन कर राहत दे ही देती है। जबकि पुलिस व आबकारी विभाग का दावा है कि कोई भी शराब माफिया दूसरे प्रदेशों की शराब डंप नहीं कर रहा है। यदि ऐसी जानकारी मिली तो सख्त कार्रवाई होगी। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अवनीश मिश्रा का कहना है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर कार्रवाई का निर्देश थानेदारों को दिया गया है।
अंतू, सांगीपुर व देवसरा में बरामद हो चुकी है लाखों की शराब
जिले में अवैध शराब पहले से डंप होती रही है। जिले के अंतू थाना क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य राजू सिंह के ठिकाने पर अवैध शराब डंप मिली थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी राजू सिंह फरारी काटते हुए पुलिस को चुनौती देता रहा।
सांगीपुर में कलुआ घाट स्थित प्रिंस सिंह के मुर्गी फार्म से लाखों रुपये की डंप शराब बरामद हो चुकी है। इसके अलावा देवसरा के ढखवा बाजार में किराए के मकान में अवैध शराब मिल चुकी है। शराब बरामद करने के दौरान कार्रवाई की जद में केवल मजदूर ही आते रहे। शराब माफिया फरार हो जाते। पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद भी उन्हें राहत देती रहती हैं। आबकारी विभाग भी अवैध शराब डंप होने के मामलों की जानकारी के बावजूद हाथ नहीं डालता।
20 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद
देवसरा पुलिस ने बिकने के लिए आई 20 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद की है। शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। मकान के पास से दो बाइक भी पुलिस के हाथ लगी। पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
देवसरा पुलिस मंगलवार की रात अमरगढ़ तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी पता चला कि खडख़ड़ा पुल के पास से उदईशाहपुर जाने वाली सडक़ पर प्रदीप सिंह पुत्र शमसेर सिंह के अर्धनिर्मित मकान में अवैध तरीके से शराब का भंडारण किया गया है। पुलिस ने प्रदीप सिंह के मकान में छापा मारा।
पुलिस को देख वहां मौजूद लोग भाग निकले। मकान की तलाशी लेने पर 710 पेटी शराब बरामद हुई। जिसकी कीमत 20 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने प्रदीप सिंह पुत्र शमसेर सिंह निवासी उदईशाहपुर थाना देवसरा व अजय यादव पुत्र अवधेश यादव निवासी गोपालपुर, थाना देवसरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उनकी तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिले।