पट्टी इलाके में रविवार रात खून के रिश्ते को कलंकित करते हुए संपत्ति की लालच में सगे भाई ने ही चाकू से गला रेतकर बुजुर्ग का कत्ल कर दिया। आधी रात बुजुर्ग की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए हत्यारोपी भाई को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सना चाकू व हथौड़ी बरामद कर ली।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
पट्टी कोतवाली के जैतापुर निवासी रामअभिलाष यादव (60) रविवार को घर के सामने चारपाई पर सो रहा था। रात करीब 12.30 बजे उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन बिलखने लगे। मृतक के भाई हीरालाल यादव की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोस के बृजेश वर्मा पुत्र रामआसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने रात में ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटनास्थल का सोमवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद, सीओ पट्टी रमेशचंद्र ने निरीक्षण किया। हत्या का खुलासा करने के लिए स्वॉट टीम के साथ ही फोरेंसिक टीम को लगाया गया। कुछ घंटों की छानबीन में हत्या की वारदात के तौर-तरीके पर पुलिस को शंका हुई।
pratapgarh
- फोटो : pratapgarh
बाद में पुलिस ने परिजनों से पूछताछ करते हुए मृतक के छोटे भाई उदयराज को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उदयराज टूट गया और हत्या की वारदात को अंजाम देने का जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी व चाकू पुलिस ने बृजेश वर्मा के घर के पास से बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि मृतक के आगे-पीछे कोई नहीं था।
केवल दो सगे भाई ही थे। हत्यारोपी भाई उदयराज मृतक की पूरी संपत्ति का उपभोग करता थ। जबकि मृतक अपनी संपत्ति दोनों भाइयों के बीच आधा-आधा वसीयत करने की बात करता था। एक सप्ताह पहले मृतक ने उदयराज को थप्पड़ जड़ दिया था। उसके बेटों को भी मारापीटा था। यह बात उदयराज को बुरी लगी थी। संपत्ति की लालच में उसने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।