पैतृक जमीन में हिस्सा न देने के लिए कर दिया भतीजों का कत्ल
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के भुन्ना का पुरवा भद्दिव गांव निवासी अशोक पटेल ने पैतृक जमीन में हिस्सा न देने के लिए अपने ही मासूम भतीजों का बेरहमी से कत्ल कर दिया था। छोटे भाई दिलीप पटेल की मौत के बाद वह उसकी पत्नी नीलम और दो मासूम बच्चों को घर से भगाना चाहता था।
उसकी पत्नी की पखवाड़े भर पहले ही बीमारी से मौत हो गई थी। पहले से हत्या के मुकदमे में फंसे होने के कारण अशोक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित था। भाई की पत्नी व बच्चों को भगाने की कोशिश में नाकाम होने पर उसने दोनों बच्चों की हत्या कर दी। पुलिस ने उसे शनिवार को जेल भेज दिया।
भुन्ना का पुरवा भद्दिव निवासी अशोक पटेल पहले से ही एक हत्या में आरोपी है। बीते दिसंबर में उसकी पत्नी की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद वह अपनी एक बेटी व बेटे के भविष्य को लेकर चिंता करने लगा था। वह चाहता था कि उसकी भयाहू अपने दोनों बेटों को लेकर गांव से चली जाए। इसके लिए वह कई बार विवाद करने के साथ ही उसे धमकाता रहा। इसके बाद भी जब उसे सफलता नहीं मिली तो उसने भतीजों को ठिकाने लगाने की योजना बनानी शुरू कर दी।
उसकी मंशा भांपकर विधवा भयाहू नीलम ने अपने बड़े बेटे इशांत को मायके भेज दिया था। कुछ दिन पहले चौथ पर वह नाना के साथ घर आया था। इसके बाद मां ने उसे रोक लिया। इसके बाद से अशोक मौके की ताक में था। शुक्रवार सुबह भयाहू के शौच जाने पर उसे मौका मिला। उसने कमरे में घुसकर बेड पर सो रहे दोनों बच्चों को जलाकर मार डाला।
पुलिस की पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह नहीं चाहता था कि पिता की जमीन में तीन हिस्से लगें। पहले से चल रहे हत्या के मामले में उसे जेल तो जाना ही था। ऐसे में उसने दोनों भतीजों को रास्ते से हटा दिया। पुलिस ने शनिवार को लिखापढ़ी कर उसे जेल भेज दिया।क्ष्