जिले में नकल पर नकेल कसने का भले ही लाखों के दावे किए जा रहे हैं लेकिन नकल माफिया कोई न कोई तरीका निकाल ही रहे हैं। सांगीपुर में घर के भीतर बोर्ड परीक्षा की कापियां लिखी हुई मिली। पुलिस को देख छात्र भाग निकले लेकिन घर के भीतर से तीन छात्राएं हाथ लग गईं। सांगीपुर पुलिस तीनों छात्राओं से पूछताछ कर रही है। डीआईओएस ने बरामद कोडेड कापियों के बारे में जानकारी करने के लिए टीम को रवाना कर दिया है।
सांगीपुर बाजार में सोमवार की शाम थानाध्यक्ष गश्त पर निकले थे। जैसे ही पुलिस फोर्स राजेंद्र कुमार गुप्ता के घर के सामने पहुंची। उसी समय राजेंद्र के घर से चार लड़के भागने लगे। पुलिस को लड़कों के भागने पर शंका हुई। पुलिस टीम ने घर के भीतर छापेमारी की तो दंग रह गए। देखा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कापियां लिखी जा रहीं थीं।
हाईस्कूल की 23 और इंटरमीडिएट की 30 कोडेड कापियां बरामद हुईं। मौके पर रसायन विज्ञान और सामान्य हिंदी का पेपर भी मिला। तीनों छात्राएं कापियां लिख रहीं थीं। पुलिस ने तीनों लड़कियों को हिरासत में लेने के बाद बरामद कापियां व पेपर कब्जे में लेकर थाने चली आई। इस बीच मौका पाकर लड़कियों को वहां लाने वाली महिला भाग निकली।
इसके बाद थाने पर लोगों का जमघट लग गया। हिरासत में ली गई छात्राएं इलाके के कालेजों में पढ़ती हैं। पूछताछ में सभी ने बताया कि उन लोगों को कापियां लिखने के लिए एक महिला बुलाकर लाई थी। उस महिला की पुलिस तलाश कर रही है। सूचना के बाद डीआईओएस ने अपनी एक टीम कोडेड कापियों के बारे में छानबीन के लिए भेजा। जो कापियों का मिलान करने में पसीना बहा रही है। एसओ सांगीपुर ने बताया कि लड़कियों को हिरासत में लिया गया है। डीआईओएस की टीम कापियों की छानबीन कर रही है।
डीआईओएस एसपी यादव ने बताया कि बरामद कोडेड कापियों का अभी मिलान नहीं हो सका है। सभी परीक्षा केंद्रों पर भेजी गई कापियों का मिलान कराया जा रहा है। हो सकता है नकल माफियाओं ने परीक्षार्थियों को गुमराह करने के लिए ऐसा किया हो। बाहर से कोडेड कापियां छपवाई गईं हों।
आज नहीं होगी मदरसा बोर्ड की परीक्षा
प्रतापगढ़। माघी पूर्णिमा और संत रविदास जयंती के अवसर पर जिले में सर्वजानिक अवकाश घोषित होने के कारण मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं मंगलवार को नहीं होगी। जिला अल्प संख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि 19 फरवरी को स्थगित परीक्षाएं पांच मार्च को होगी।