आतंकी कनेक्शन के शक में एटीएस द्वारा उठाया गया मछली विक्रेता इम्तियाज शुक्रवार की देर शाम परिवार के साथ घर पहुंच गया। एटीएस ने पूछताछ के बाद उसे क्लीन चिट दे दी। इम्तियाज के घर पहुंचने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी। हर कोई उससे एटीएस की पूछताछ के बारे में जानना चाहता था, लेकिन वह लोगों से दूरी बनाते हुए खेत की ओर चला गया।
महेशगंज थाना क्षेत्र के डिहवा जलालपुर निवासी इम्तियाज उर्फ कल्लू मुंबई में सिलाई का काम करता था। करीब डेढ़ साल पहले कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन में वह गांव आ गया था। यहां वह बकरी, मुर्गी व मछली पालन का कारोबार करने लगा था। बीते मंगलवार की सुबह यूपी एटीएस की टीम उसे उठा ले गई। बाद में उसे दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में पुलिस को उसका कोई आतंकी कनेक्शन नहीं मिला, जिसके चलते टीम ने परिवार के लोगों को दिल्ली बुला लिया था।
बृहस्पतिवार की सुबह पत्नी व पिता अपने एक रिश्तेदार के साथ इम्तियाज को लाने के लिए दिल्ली रवाना हो गए थे। शुक्रवार की देर शाम परिजन उसे लेकर घर लौटे। इस बात की जानकारी होते ही उसके घर पर ग्रामीणों का जमघट लग गया। हर कोई उससे यह जानने की कोशिश करने लगा कि एटीएस की टीम ने उससे क्या-क्या सवाल किए। उसे आखिर क्यों ले जाया गया था। लोगों के सवालों से बचने के लिए वह खेत की ओर चला गया। अपर पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने बताया कि मछली विक्रेता को लेकर परिजन आ गए हैं। पूछताछ के बाद उसे क्लीनचिट दे दी गई है।