डीएम मार्कण्डेय शाही शुक्रवार को टाउन एरिया सिटी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर गायब मिली ईओ प्रियंका तिवारी और लिपिक मुनेश्वर प्रकाश के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी है। साफ-सफाई ठीक नहीं होने पर ठेके पर तैनात कर्मचारियों के मानदेय भुगतान पर रोक लगा दी है।
डीएम शुक्रवार को अचानक टाउन एरिया सिटी के कार्यालय पहुंच गए। कार्यालय से ईओ प्रियंका तिवारी के गायब मिलने पर नाराजगी जताई। टाउन एरिया अध्यक्ष अनिल कुमार मौर्य से नगर पंचायत प्रतापगढ़ सिटी में अतिक्रमण नहीं हटाने पर डीएम ने नाराजगी प्रकट करते हुए फटकार लगाई।
डीएम ने राजापाल चौराहे से चौक तक अतिक्रमण हटाने के अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम सदर एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया कि अतिक्रमण हटाने के बाद यदि किसी व्यक्ति के द्वारा पुन: अतिक्रमण किया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएं।
डीएम ने शनिदेवधाम पहुंचकर डिप्टी सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने एडीओ पंचायत विजय कुमार शुक्ला को साफ-सफाई नहीं होने पर फटकार लगाई और दो दिन अभियान चलाकर सफाई करने को कहा है।