पंपिंगसेट की पानी की टंकी में डूबने से मासूम बालक की मौत हो गई। घटना से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
पट्टी कोतवाली के पूरे घना निवासी संदीप यादव का चार वर्षीय बेटा उत्कर्ष बुधवार दोपहर घर के पास खेल रहा था। उसकी मां सोनी घर में काम कर रही थी।
उत्कर्ष खेलते हुए घर के करीब पंपिगसेट की पानी की टंकी पर चला गया। वह अचानक पानी की टंकी में गिर गया। जिससे डूबने लगा। उस पर किसी की नजर नहीं पड़ी। इसलिए वह पानी में डूब गया। कुछ देर बाद सोनी घर से बाहर निकली और उत्कर्ष को खोजने लगी। इधर-उधर खोजने के बाद जब वह पानी की टंकी के पास पहुंची तो दंग रह गई।
उसने उत्कर्ष को बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। वह उसे लेकर प्राइवेट डाक्टर के पास भागे, लेकिन निराशा ही हाथ लगी। बेटे की मौत की खबर मिलने पर संदीप भी पहुंच गया।