परिजनों से मामूली बातचीत के बाद नाराज होकर घर से निकले छात्र की लाश जंगल में मिली। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं।
लालगंज कोतवाली के पंडित का पुरवा खरगपुर निवासी गंगाशिव मिश्र उर्फ अमन (15) पुत्र प्रेमसागर मिश्र ने इस वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी थी। 17 मई को वह परिवार के लोगों की डांट से क्षुब्ध होकर घर से भाग निकला था। परिजन उसकी हर संभव स्थानों पर तलाश करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
मंगलवार की शाम अमन की लाश बहलोलपुर जंगल में मिली। शव मिलने की खबर पर इलाके में सनसनी फैल गई। रोते बिलखते परिजन भी मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुुंचकर छानबीन करने लगी। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजन अमन की हत्या कर शव जंगल में फेंकने आरोप लगा रहे थे। लालगंज कोतवाल ने बताया कि परिवार के लोगों ने पहले घर छोड़कर भागने की जानकारी दी थी। अब उनके आरोप की छानबीन के बाद मामले की तहकीकात की जाएगी। वैसे कोई जाहिरा चोट नजर नहीं आ रही है। मृतक भाई बहन में सबसे छोटा था।