स्पोर्ट्स फॉर स्कूल के तहत मंडल स्तरीय प्रतियोगिता शनिवार को स्टेडियम में हुई। प्रतियोगिता में प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़ व कौशाम्बी के परिषदीय स्कूलों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ ओवरऑल विजेता बना, जबकि प्रयागराज ने दूसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
मंडलीय हॉकी और फुटबॉल में प्रतापगढ़ ने बाजी मारी। जबकि प्रयागराज की टीम उपविजेता रही। बैडमिंटन एकल बालिका वर्ग में प्रतापगढ़ यूपीएस कटरा गुलाब सिंह की समरीन विजेता बनीं। प्रयागराज के आकांक्षा ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालक वर्ग में जिले के सूरज पटेल जीत हासिल की। प्रयागराज के वारिस उपविजेता रहे। डबल्स बालक वर्ग में जिले के सूरज और नदीम के सिर ताज सजा। प्रयागराज के सूरज, करन उपविजेता रहे।
बालिका डबल्स में समरीन और रोजी विजेता बनीं। प्रयागराज की आकांक्षा व सुमन उपविजेता रहीं। मिक्स डबल्स में जिले के अनस व समरीन ने बाजी मारी। वहीं, प्रयागराज के सूरज और आकांक्षा दूसरे स्थान पर रहे। कुश्ती बालक वर्ग के अलग-अलग भार वर्ग में हेमू तिवारी फतेहपुर, सनी सरोज प्रयागराज, सनी कुमार, सेख फरहान, आदर्श जायसवाल प्रतापगढ़ व बालिका कुश्ती में फतेहपुर की रोली और आयुषी व प्रयागराज की आंचल और अंजली प्रथम रहीं। टेबल टेनिस में प्रयागराज के प्रियांशु और अभय, कृष्णा ने जीत हासिल की। बालिका वर्ग में कुसुम, स्वाति और कीर्ति ने जीत का स्वाद चखा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने किया। निर्णायक सुदीप पांडेय, राजेंद्र पांडेय, शैलेश सिंह, कौशलेंद्र सिंह, सुभाष पांडेय, मनोज भारती, पितामह यादव, अमसद अली ने निभाई।