प्रयागराज जोन की 25वीं अंतरजनपदीय पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को पुलिस लाइन में दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में प्रतापगढ़ ने बांदा को और दूसरे मुकाबले प्रयागराज ने कौशाम्बी को मात दी। समापन पर मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में प्रतापगढ़, प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी और फतेहपुर की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। शनिवार को प्रतापगढ़ और फतेहपुर ने अपने मुकाबले जीते थे। दो लगातार जीत के साथ ही प्रतापगढ़ की टीम ने फाइनल में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का समापन 10 दिसंबर को होगा।
रविवार को पहला मुकाबला प्रतापगढ़ और बांदा के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रतापगढ़ की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 187 रन बनाए।
नागेंद्र यादव ने 67 और आशीष ने 31 रनों की पारी खेली। बांदा की ओर से अजीत यादव ने चार ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट और सुशील कुमार ने तीन ओवर में 28 रन खर्च कर 2 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बांदा की टीम 19वें ओवर में 94 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
आकाश पाल ने 17 व अभय ने 13 रन बनाए। प्रतापगढ़ की ओर से आशीष ने चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट और बघेल ने चार ओवर में 20 रन देकर दो खिलाड़ियों को पैवेलियन भेजा। मैन ऑफ द मैच नागेंद्र यादव बने।
दूसरे मुकाबले में प्रयागराज और कौशाम्बी की टीम भिड़ी। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रयागराज ने 20 ओवर में छह विकेट खोकर 225 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लोकेश ने 57 और अनुराग ने 51 रनों की अर्द्ध शतकीय पारी खेली। कौशाम्बी की ओर से श्रवण ने चार ओवर में 14 रन देकर दो और एक ओवर में 13 रन देकर एक खिलाड़ी को आउट किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कौशाम्बी की टीम 18 ओवर में 146 रन बनाकर आलआउट हो गई। मंगेश ने 44 व संजय ने 19 रन की पारी खेली। प्रयागराज के शाह आलम ने चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि कौशल ने 34 रन देकर तीन खिलाड़ियों को पैवेलियन का रास्ता दिखाया।
प्रयागराज ने 79 रन से मुकाबला अपने नाम किया। मैन ऑफ द मैच श्रवण चुने गए। समापन पर खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।