ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, साथी घायल
रानीगंज के भवानीगढ़ गांव में गाजी का बाग-फूलपुर मार्ग पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीगंज। रानीगंज थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव में गाजी का बाग-फूलपुर मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम को भेज दिया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी।
प्रयागराज जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर बलिकरनपुर गांव निवासी मो. तनवीर (25) पुत्र तौहीद की कोड़ापुर में दुकान है। शनिवार को वह अपने साथी मो. जसीम (20) के साथ बाइक से प्रतापगढ़ आया था। दोपहर में दोनों फूलपुर लौट रहे थे। रानीगंज थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चला रहे तनवीर की मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी मो. जसीम गंभीर रूप से घायल हो गया। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में उसे रानीगंज सीएचसी ले गए, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मो. तनवीर के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी।
रविवार को लच्छीपुर बाजार में रहेगी साप्ताहिक बंदी
संवाद न्यूज एजेंसी
रानीगंज। लच्छीपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष डा. सूर्यप्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान सभी ने सर्वसम्मति से रविवार को साप्ताहिक बंदी का निर्णय लिया। इस अवसर पर मंत्री संगमलाल उमरवैश्य, दिनेश ऊमरवैश्य, दिनेश गुप्ता, राजू उमरवैश्य, संतोष उमरवैश्य, रामप्रकाश आदि मौजूद रहे।
भाजपा नेता के निधन पर जताई संवेदना
रानीगंज। वरिष्ठ भाजपा नेता और अधिवक्ता हरिमंगल तिवारी के निधन पर रानीगंज तहसील के अधिवक्ताओं ने शोक व्यक्त किया। शनिवार को तहसील परिसर में आयोजित शोकसभा में उपभोक्ता फोरम के पूर्व सदस्य वरिष्ठ अधिवक्ता देवेश प्रताप सिंह ने कहा कि उनके निधन से समाज को अपूर्णनीय क्षति हुई है। वह बेहद सरल, सहज एवं मिलनसार थे। इस अवसर पर अशोक मिश्र, अजय उपाध्याय, शिवेंद्र प्रताप सिंह, उमाकांत पांडेय, उमाकांत तिवारी, महेश मिश्रा, सतीश मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुप्ता, बद्री गुप्ता आदि मौजूद रहेे।