प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर साइबर ठगों ने उनके करीबियों से रुपये मांगे। मंत्री के करीबियों ने उनको मामले की सूचना दी। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने फर्जी फेसबुक आईडी को ब्लाक कर दिया। साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है।
जिले में लोगों की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर करीबियों से रुपये मांगने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। साइबर अपराधी कभी बीमारी से पीड़ित होने तो कभी जरूरत की बात कहते हुए रुपये की मांग कर रहे हैं।
शनिवार को साइबर अपराधियों ने प्रदेश सरकार के मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह की फर्जी फेसबुक आईडी से उनके करीबियों से रुपये मांगे। रानीगंज के अजय ओझा समेत कई लोगों के पास संदेश भेजा गया।
मंत्री को रुपये की जरूरत पड़ने का संदेश मिलने पर हर कोई दंग रह गया। मंत्री के साथ रहने वाले लोगों को मामले से अवगत कराया। मंत्री की फर्जी आईडी से रुपये की मांग होने की खबर वायरल होने पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
साइबर सेल की टीम छानबीन करने में जुट गई। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि साइबर अपराधियों ने मंत्री की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर रुपये की मांग की थी। जिसे ब्लाक कर दिया गया है। साइबर सेल की टीम को मामले की छानबीन में लगाया गया है।
रुपये न देने पर टेंपो चालकों पर चाकुओं से हमला
रुपये न देने पर एक युवक ने दो टेंपो चालकों पर चाकुओं से हमला कर दिया। जिससे वाहन अड्डे पर भगदड़ मच गई। खून से लथपथ चालकों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। राजपाल चौराहे पर मौजूद यातायात विभाग के पुलिसकर्मी मौन साधे रहे।
शहर में जिला सहकारी बैंक के करीब टेंपो अड्डा लगता है। शनिवार को सवारियों के इंतजार में टेंपो लेकर टेऊंगा निवासी चालक शेषनारायण व सरायखांडेराय निवासी सचिन पांडेय खड़े थे। इस बीच पुलि
स लाइन तिराहे के सामने रहने वाला एक युवक वहां पहुंचा। वह सचिन व शेष नारायण से रुपये की मांग करने लगा। रुपये न देने पर दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
चाकूबाजी की वारदात के बाद भगदड़ गच गई। हमला करने के बाद आरोपी युवक चाकू लेकर घूमता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ टेंपो चालकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद आरोपी युवक की तलाश में जुट गई। उसके न मिलने पर पुलिस परिवार के सदस्य को सिविल लाइन पुलिस चौकी उठा ले गई। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। अभी पीड़ित पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। आरोपी नशेड़ी प्रवृत्ति का बताया जा रहा है।