तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने जन जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। महज एक घंटे की बारिश से बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई। कई इलाकों में बिजली के पोल के साथ हाईटेंशन लाइन टूट कर गिर गई। जगह-जगह पेड़ों के गिरने से आवागमन प्रभावित रहा। बारिश बंद होने के बाद बिजलीकर्मी मरम्मत कार्य में जुटे, लेकिन देर रात तक आपूर्ति नहीं हो सकी।
रविवार की शाम करीब चार बजे तेज आंधी के साथ बारिश की शुरुआत हुई। लगातार करीब एक घंटे झमाझम बारिश होने से लोगों से गर्मी से थोड़ी बहुत राहत जरूर मिली, लेकिन जन जीवन पर बारिश का असर देखने को मिला। उड़ैयाडीह क्षेत्र के अशोकपुर और लौवार में बिजली के पोल टूटकर गिर गए। इससे करीब 60 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बारिश बंद होने के बाद बिजली कर्मी मरम्मत कार्य में जुटे, लेकिन देर रात आपूर्ति नहीं होने की बात बिजली विभाग ने कही। इधर, पुरानी पट्टी हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से ढकवा मोड़, कुम्हियापुर, पट्टी कस्बे की आपूर्ति बाधित हो गई। तेज आंधी तूफान के चलते भुपियामऊ से शहर की आपूर्ति व्यवस्था फेल हो गई।
शहर के बाबागंज, दहिलामऊ, रूपापुर, चिलबिला सहित दूसरे उपकेंद्रों से आपूर्ति बाधित होने पर शहरियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब-करीब सभी इलाकों में बिजली व्यवस्था बारिश के चलते गड़बड़ हो गई। वहीं तेज आंधी ने पेड़ों को भी उखाड़ दिया। मुख्य मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। स्थानीय प्रशासन की मदद से पेड़ हटाकर आवागमन शुरू कराया गया।