लालगंज। कस्बा स्थित ब्लाक सभागार में अपराध नियंत्रण में जनसहयोग पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक अनंत देव को सम्मानित किया।
गुरुवार को आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि एसपी अनंत देव ने कहा कि लोगों को जागरूक करके ही अपराध पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्हाेंने कहा कि जनता ही पुलिस को सही मायने में अपने सहयोग से वास्तविक संबल प्रदान करती है। एसपी ने एस-7 और एस-10 के गठन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। यह भी बताया कि इनके जरिए बीते कुछ माह में जिले में छोटी व बड़ी आपराधिक घटनाओं को नियंत्रित करने में खासी मदद मिली है।
संभ्रांत नागरिकों की इस टीम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय योगदान प्रदान किया है। एसपी ने लोगों से सामुदायिक विकास तथा गांव में शांति व भाईचारे के माहौल को मजबूत बनाने मेें खुले सहयोग की अपील की। कार्यक्रम के आयोजकों ने पुलिस अधीक्षक अनंत देव को अभिनंदन पत्र, सम्मान चिन्ह तथा अंगवस्त्रम के साथ जनसम्मान प्रदान किया। विशिष्ट अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी बृजेश मिश्र ने सामुदायिक पुलिसिंग की मजबूती पर प्रकाश डाला।
अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी तारिक मोहम्मद ने की। संचालन अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने किया। कार्यक्रम का संयोजन अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष अजय शुक्ल, क्षेत्र पंचायत समिति के प्रदेश अध्यक्ष विकास मिश्र तथा शैलेंद्र मिश्र ने संयुक्त रूप से किया। इससे पहले रवि त्रिपाठी म्यूजिकल इंस्टीट्यूट के कलाकारों ने विकास गीत तथा स्वागतगान की मोहक प्रस्तुति दी।