कोतवाली व थानों में आबादी व अपराध के हिसाब से पुलिस फोर्स तैनात होगी। पुलिसकर्मियों को सुरक्षा वाले उपकरणों की कमी नहीं होगी। शिकायतों के निस्तारण की सीधी मानीटरिंग की जाएगी। गलत रिपोर्ट देने वाले दंडित भी होंगे। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने शुक्रवार को कोहड़ौर और अंतू थाने का निरीक्षण करने के दौरान यह बातें कहीं।
पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि जिले के किसी थाने में कम फोर्स है और किसी में अधिक। जबकि बहुत से थाने ऐसे हैं जहां अपराध व आबादी दोनों कम है। इसके लिए अब मानक तय किया जाएगा। जिस क्षेत्र की आबादी अधिक होगी और अपराध अधिक है, वहां अधिक मात्रा में पुलिसकर्मी तैनात होंगे। एसपी ने दोनों थानाध्यक्षों को हिस्ट्रीशीटर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। थानों के अभिलेखों के साथ भोजनालय, मालखाना समेत अन्य व्यवस्थाओं को देखा।