कोतवाली के जगन्नाथपुर नहर पुलिया के पास बुधवार की रात अंतरजनपदीय बकरी चोर से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बकरी चोर के पैर में गोली लगी। जबकि दूसरे को पुलिस ने घेरबंदी कर पकड़ लिया। उनके पास से तमंचा कारतूस के साथ चोरी की बकरी बेचने से मिले रुपये भी बरामद हुए।
लालगंज के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार यादव बुधवार की रात स्पेशल टीम के साथ बदमाशों की धरपकड़ के लिए निकले थे। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय ने बताया कि जगन्नाथपुर नहर पुलिया के पास से चेकिंग के दौरान रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसकी पहचान उदयपुर थाना के राहाटीकर कुरैशी का पुरवा निवासी शाहिद उर्फ पिंकू के रूप में हुई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने घायल बदमाश के साथी रायबरेली के जगतपुर रोड थाना सलोन निवासी जाकिर को भी गिरफ्तार कर लिया।
गोली से घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए लालगंज ट्रॉमा सेंटर लाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद पुलिस कस्टडी में उसे मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जबकि मुठभेड़ में कुरैशी का पुरवा शमीम अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश शाहिद उर्फ पिंकू के खिलाफ विभिन्न जनपदों में डेढ़ दर्जन मुकदमे पंजीकृत है। बदमाशों के पास से 4,300 रुपये व दो तमंचा बरामद हुआ है।