संग्रागढ़ थाना क्षेत्र में रविवार की रात पुलिस की लुटेराें से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग का जवाब देते समय पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय के अनुसार संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के बिजयीमऊ निवासी अमर सरोज के साथ 15 जनवरी को ससुराल से लौटते समय साडा हर्षपुर लाला का पुरवा के पास बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने लूट की। तमंचा सटाकर बाइक, मोबाइल व पांच सौ रुपये लूटकर बदमाश भाग निकले।
बदमाशों को पकड़ने के लिए रविवार को पुलिस व स्वाट टीम प्रभारी सुनील कुमार यादव जलेशरगंज रोड पर प्रतापपुर चेरगढ़ के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश पुलिस को देख ठिठक गए। पुलिस के रोकने पर वे फायरिंग करते हुए भागे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मानिकपुर थाना क्षेत्र के पूरे अली नक्कीपुर निवासी 20 वर्षीय समीर अहमद के पैर में गोली लग गई। जबकि उसका दूसरा साथी भाग निकला।
पुलिस ने घायल समीर अहमद को उपचार के लिए सीएचसी संग्रामगढ़ भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। उसके पास से लूट का मोबाइल, बाइक व तमंचा कारतूस बरामद हुआ। पकड़े गए शातिर अभियुक्त समीर अहमद के खिलाफ संग्रामगढ़ व मानिकपुर में लूट, चोरी समेत 5 संगीन अपराध के केस दर्ज हैं।