तहसील क्षेत्र में बेपटरी हो चुकी बीएसएनएल की सेवा सुधरने का नाम नहीं ले रही है। और लोग हलाकान हो रहे हैं। बीते कुछ महीनों से प्रतिदिन भारत सरकार निगम लिमिटेड की सेवा धड़ाम हो गई। मोबाइल से बात करना मुश्किल हो गया है। शायद ही कोई दिन ऐसा बीतता हो जब बीएसएनएल सिम धारक उपभोक्ताओं के मोबाइल से नेटवर्क गायब न होता हो।
सोमवार को दिनभर तहसील क्षेत्र के लोग बीएसएनएल में आई खराबी से हलाकान हुए। नेटवर्क रहने के बाद भी लोगों का मोबाइल पहुंच से दूर बताता रहा। नेटवर्क में खराबी से फोन करना तो दूर की बात है किसी का फोन तक नहीं आया। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा। मोबाइल के साथ ही ब्राडबैंड सेवा व बेसिक फोन का भी खराब दौर चल रहा है। इंटरनेट सेवा कब ठप हो जाए और कब बेसिक फोन डेड हो जाए उपभोक्ताओं को छोड़िए, विभागीय अफसरों तक को पता नहीं रहता।
कभी लोकल फाल्ट तो कभी जिले से वाराणसी से खराबी बताई जाती है। ऐसे में बीएसएनएल उपभोक्ताओं में निराशा है। वहीं विभाग को भी आए दिन लाखों के राजस्व की चपत लग रही है। निजी कंपनियों के सिम खरीदने की होड़ दुकानों में देखी जा रही है तो सरकारी कंपनी बीएसएनएल के सिम की बिक्री का टोटा पड़ गया है। इसके बाद भी विभाग खराबी ठीक करने के प्रति गंभीर नहीं है और उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। इस बारे में टीडीएम कार्यालय से बताया गया कि खराबी गैरजनपद से हुई है, ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।