लक्ष्मणपुर पीएचसी पर कोरोना वैक्सीन लगवाने को लेकर हंगामा करते लोग। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
कोरोना टीकाकरण में देरी होने से नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार को कई बूथों पर हंगामा और तोड़फोड़ की। मानधाता में स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने के साथ मेज तोड़ डाली। कोहड़ौर में ज्यादातर लोग बगैर टीका लगवाए घर लौट गए। रानीगंज और कालाकांकर में टीका लगवाने बूथ पर पहुंचे लोगों ने हंगामा किया। लक्ष्मणपुर सीएचसी में हंगामा होते देख स्वास्थ्य कर्मचारियों को पुलिस बुलानी पड़ी।
मानधाता ब्लॉक के बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय में कोरोना टीकाकरण बूथ बनाया गया था। सुबह नौ बजे से ही लोग बूथ पर पहुंचकर लाइन में लग गए थे। 11 बजे तक वैक्सीन बूथ पर नहीं पहुंची। मानधाता पीएचसी के स्वास्थ्य कर्मचारी भी अस्पताल आने वाले लोगों को टीका लगवाने के लिए प्राथमिक विद्यालय भेज रहे थे। भीड़ अधिक होने के बाद भी वैक्सीन नहीं आई तो नाराज लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने स्कूल की मेज तोड़ दी।
किसी प्रकार डॉक्टरों ने समझाकर लोगों को शांत कराया। कोहड़ौर सीएचसी में सुबह से ही बूथ पर भीड़ जमा हो गई। महज एक ही वैक्सीनेटर बैठाया गया था। इससे नाराज लोगों ने हंगामा किया। दोपहर बाद तक कई लोगों को टीका नहीं लग सका। लक्ष्मणपुर सीएचसी में टीकाकरण के दौरान वैक्सीन कम पड़ गई। इससे नाराज लोगों ने यहां भी हंगामा किया।
इस पर स्वास्थ्य कर्मचारियों को पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। वहीं, कालाकांकर और रानीगंज सीएचसी में टीकाकरण के दौरान लोग हंगामा करते रहे। आरोप लगाया कि रानीगंज ट्रामा सेंटर में जिम्मेदार अफसर नहीं मौजूद रहते हैं। अधीक्षक सप्ताह में एक या फिर दो दिन आते हैं। कई नियमित डॉक्टर आते ही नहीं हैं। प्रयागराज में रहकर प्राइवेट प्रैक्टिस करते हैं। यहीं हाल कालाकांकर में भी है।
मानधाता अस्पताल में वैक्सीन लगवाने केे लिए जुटी ग्रामीणों की भीड़। संवाद- फोटो : PRATAPGARH
मानधाता सीएचसी में वैक्सीन लगाने में देरी पर आक्रोशित लोगों द्वारा की गयी तोड़फोड़। संवाद- फोटो : PRATAPGARH