दहेज में पैसे कम मिलने पर दूल्हे व उसके परिजनों ने तिलक चढ़ाने आए लोगों से विवाद कर लिया। उन्हें जमकर पीट दिया गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। कोतवाली में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के पलरा बरई गांव निवासी कुलदीप पाल का गुरुवार को तिलक था। इलाहाबाद जनपद के नवाबगंज मुनौव्वर निवासी मिठाईलाल पाल तिलक चढ़ाने आए थे। तिलक में उन्होंने एक बाइक, सोने की चेन सहित 2100 रुपये चढ़ाए। इसे लेकर दूल्हा कुलदीप उनसे भिड़ गया। उसका कहना था कि पहले से की गई बात पर वह लोग कायम क्यों नहीं रहे। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बात इतनी बढ़ी कि दोनेां तरफ से मारपीट होने लगी। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाबुझाकर शांत कराया। शुक्रवार सुबह कोतवाली में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। हालांकि दोनों ने बाद में समझौता कर लिया।