पीसीएफ क्रय केंद्र फेनहा का भंडार कक्ष खंडहर में तब्दील हो गया है। इसके बाद भी गेहूं का भंडारण किया जा रहा है। जर्जर भवन से हादसे का खतरा बना है।
साधन सहकारी समिति फेनहा का भंडार कक्ष जर्जर होने पर खभोर स्थानांतरित कर दिया गया। करीब पांच साल पहले प्रशासन के आदेश पर जर्जर भंडार कक्ष को विपणन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।
इसके बाद खाद्यान्न खरीद के लिए पीसीएफ का क्रय केंद्र बना दिया गया है। शासन ने गेहूं खरीद के दौरान किसानों के बैठने की व्यवस्था से लेकर पेयजल और शौचालय तक की सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया है। लेकिन यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं।
भंडार कक्ष की छत का प्लास्टर उखड़ गया है। तेज बारिश होने पर छत से टपकते पानी से किसानों से खरीदा गया अनाज पूरी तरह से भीग कर खराब होने का अंदेशा रहता है। भंडार कक्ष में प्रकाश की व्यवस्था भी नहीं है।
वर्जन
सहकारिता विभाग से पीसीएफ क्रय केंद्र मिला है। भवन का निरीक्षण कराया जाएगा। अगर भवन जर्जर मिलेगा तो भंडारण मंडी स्थित क्रय केंद्रों पर किया जाएगा। - जितेंद्र यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी