रेलवे बोर्ड 24 कोच वाली दो स्पेशल ट्रेन दिवाली से चलाने जा रही है। जिससे परदेसियों को घर आने में सहूलियत होगी। स्पेशल ट्रेनों में वातानुकूलित डिब्बों के साथ ही 11 जनरल कोच भी लगेंगे।
दिवाली का पर्व 24 अक्तूबर को पड़ रहा है। रोजी रोटी के सिलसिले में दिल्ली, मुंबई में रहने वाले लोग त्योहार मनाने घर आते हैं। पूर्व में संचालित ट्रेनों में सीटें पहले से ही आरक्षित हो चुकी हैं। ऐसे में यात्रियों को हर साल घर पहुंचने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। मुसाफिरों की समस्या को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने दिल्ली से दरभंगा के बीच दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन करने की तैयारी शुरू कर दी है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे रेखा शर्मा ने बताया कि 24 अक्तूबर को दिल्ली से चलकर दरभंगा के लिए दिवाली स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। लखनऊ, रायबरेली के रास्ते से रात में 3.05 मिनट पर स्पेशल ट्रेन प्रतापगढ़ पहुंचेगी। पांच मिनट के बाद वाराणसी के लिए रवाना हो जाएगी। पटना होते हुए दरभंगा तक जाएगी।
21 अक्तूबर को ट्रेन का संचालन दरभंगा से किया जाएगा। यह ट्रेन प्रतापगढ़ होकर दिल्ली जाएगी। 26 अक्तूबर को दिल्ली से चलकर दरभंगा को जाने वाली दिवाली स्पेशल ट्रेन सुबह 6.15 मिनट पर प्रतापगढ़ पहुंचेगी। बनारस पटना के रास्ते से दरभंगा जाएगी। 27 को ट्रेन की वापसी दिल्ली के लिए किया जाएगा।