वेटिंग टिकट लेने वाले यात्रियों को इन दिनों नुकसान झेलना पड़ रहा है। टिकट कंफर्म न होने पर उन्हें ट्रेन में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। दूसरी तरफ समय बीत जाने के कारण उनके टिकट का रिफंड भी नहीं हो रहा है। इससे यात्री परेशान हो रहे हैं।
दिल्ली, मुंबई, गुजरात व सूरत के लिए प्रतापगढ़ के रास्ते से भी ट्रेन अभी नहीं चल रही है। इससे लॉकडाउन में घर आए प्रवासी मजदूर महानगर जाने के लिए परेशान हो रहे हैं। वह प्रयागराज और लखनऊ से ट्रेन पकड़ रहे हैं। जाने की जल्दी में वह वेटिंग टिकट भी खरीद ले रहे हैं। जबकि कोरोना काल में रेलवे ने वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को ट्रेन में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी है। इससे स्टेशन पहुंचने के बाद टिकट कंफर्म न होने पर यात्रियों को लौटा दिया जा रहा है। दूसरी तरफ समय बीत जाने के कारण उनका टिकट भी रिफंड नहीं हो रहा है।
ट्रेन छूटने के आधे घंटे पहले तक हो सकता है रिफंड
ट्रेन के स्टेशन से छूटने के आधे घंटे पहले तक यात्री अपनी यात्रा निरस्त कर रिफंड ले सकते हैं। सीएमआई ने बताया कि बहुत से लोगों को इसके बारे में जानकारी नहीं है। वे वेटिंग टिकट लेकर स्टेशन पर पहुंच जाते हैं। यहां जब सफर नहीं कर पाते हैं और ट्रेन छूट जाती है तो वे टिकट वापस करने के लिए परेशान होने लगते हैं।
पांच से ज्यादा यदि वेटिंग लिस्ट का टिकट नहीं लेना चाहिए। यदि टिकट खरीद भी लिए हैं तो ट्रेन छूटने के चार घंटे पहले आरक्षण लिस्ट जारी कर दी जाती है। इसे देखकर तत्काल कहीं से भी अपनी यात्रा को निरस्त करवा देना चाहिए। काफी लोग दूसरे या फिर तीसरे दिन टिकट का रिफंड लेने के लिए आ रहे हैं। इससे उनका पैसा डूब जा रहा है।
त्रिभुवन मिश्र, स्टेशन अधीक्षक