रविवार को जिले के 1255 गांवों में नई सरकार बन गई। शाम सात बजे तक सभी ग्राम पंचायतों में हुए प्रधानी के चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए। ब्लाकों में करीब 12 घंटे तक मतगणना चली। सुबह से ही मतगणना स्थलों पर जमा भीड़ शाम ढलने के साथ ही अपने घरों को रवाना हो गई।जीतने वाले 1255 ग्राम प्रधानों के घर जश्न का माहौल रहा। मतगणना में कहीं भी कोई अप्रिय वारदात नहीं हुई। गणना में जिला प्रशासन चुनाव आयोग की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरा। चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए बारह घंटे का समय दिया था। अधिक टेबल लगने से समय रहते परिणाम घोषित कर दिए गए। इससे जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
गांव की कैबिनेट के लिए चार चरणों में हुए चुनाव के नतीजे रविवार को घोषित कर दिए गए। जिले के 17 मतगणना स्थलों पर सुबह से प्रारंभ हुई गणना का परिणाम सुबह नौ बजे से आना प्रारंभ हो गया। मतगणना स्थलों पर अधिक टेबल लगी होने के कारण शाम होते-होते सारी ग्राम पंचायतों के परिणाम घोषित कर दिए गए। मानधाता ब्लाक में सबसे पहले बोझी गांव का परिणाम आया, जहां अरुण कुमार सिंह प्रधान घोषित किए गए।
अधिकांश मतगणना केंद्रों पर शाम सात बजे तक मतगणना कार्य समाप्त हो गया था। निष्पक्ष मतगणना कराने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी थी। डीएम डा. आदर्श सिंह और एसपी माधव प्रसाद वर्मा मतगणना केंद्रों का भ्रमण कर जायजा लेते रहे। इधर मतगणना शांतिपूर्ण कराने के लिए बड़ी संख्या में फोर्स की तैनाती की गई थी। मतगणना परिसर के दो सौ मीटर परिधि में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति भटकने नहीं पा रहा था। मतगणना स्थल और प्रत्येक मतगणना कक्ष में पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी। सभी मतगणना स्थल पर एक-एक सेक्शन पीएसी तैनात की गई थी।