मतगणना में अपने करीबियों को जिताने के लिए गृह ब्लाक में तैनाती कराने वाले कर्मचारियों को आरओ ने सख्ती दिखाते हुए बाहर कर दिया। मतगणना कार्य से मुक्त करने के बाद भी जमे शिक्षक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। हालांकि अफसरों के कहने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
मतगणना स्थल पर अपनी धमक जमाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के कुछ शिक्षक और कर्मचारियों ने गृह ब्लाक में अपनी ड्यूटी लगवा रखी थी। प्रत्याशियों ने जब इसकी शिकायत चुनाव अधिकारी डीपी सिंह से की तो उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए चार कर्मचारियों को मतगणना कार्य से मुक्त कर दिया। आरओ ने संतोष भारती, उदय प्रताप सिंह, जगदीश और राजकुमार को मतगणना स्थल से बाहर जाने का आदेश दिया।
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक संतोष भारती कार्यमुक्त होने के बाद भी मतगणना स्थल पर डटे रहे। संतोष के गांव की गणना कक्ष संख्या सात में होने लगी तो अंदर घुसकर बैठ गए। इसकी जानकारी जब आरओ को हुई तो पुलिस को बुलाकर गिरफ्तार करने को कहा। पुलिस शिक्षक को लेकर बाहर जाने लगी, तभी अफसरों ने छोड़ने को कहा। हालांकि आधे घंटे बाद पुलिस ने शिक्षक को छोड़ दिया।