राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के लिए काॅलेजों को निर्देश दिया है। नियम का पालन न करने वाले कॉलेजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऑनलाइन कक्षाओं के संचालन की जानकारी विद्यार्थियों को दिए जाने की बात भी कही गई है।
राज्य विवि से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिले की प्रक्रिया 31 जुलाई तक पूरी कर ली गई है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान ही 17 जुलाई से कक्षाएं भी संचालित करने का निर्देश भी जारी कर दिया गया था। प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को 31 अगस्त तक अपना रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर करने का आदेश दिया गया है। इसके बाद दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण नहीं किया जाएगा।
कक्षाओं के संचालन को लेकर विवि ने नया नियम जारी किया है। बैठक में निर्णय लिया गया कि कई छात्र प्रतिदिन कक्षाओं में कुछ कारणों से उपस्थित नहीं हो पाते हैं। ऐसे में उनकी कई कक्षाएं छूट जाती है। उनकी संबंधित विषयों की तैयारी अधूरी रह जाती है। ऐसे में विश्वविद्यालय ने सभी विषयों की ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का आदेश कॉलेजों को दिया है। ताकि, छात्र ऑनलाइन कक्षाओं का लाभ प्राप्त कर सके।