आसपुर देवसरा क्षेत्र का युवक ओमिक्रॉन पॉजिटिव
महाराष्ट्र में प्राइवेट कंपनी में करता है नौकरी, सीएमओ के पोर्टल पर आया मैसेज
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। जिले के आसपुर देवसरा क्षेत्र का एक युवक महाराष्ट्र में ओमिक्रान पॉजिटिव हो गया है। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ के पोर्टल पर इसकी जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में खलबली मच गई। फौरन एक टीम युवक के घर भेजी गई। वहां पता चला कि तीन माह से वह घर नहीं आया है।
आसपुर देवसरा का एक युवक महाराष्ट्र में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। तीन माह पहले वह गया था। उसके कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से पीड़ित होने की पुष्टि हुई। महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने प्रतापगढ़ सीएमओ को इसका मैसेज भेजा। सीएमओ के पोर्टल पर जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों में खलबली मच गई। सीएमओ ने तुरंत अमरगढ़ सीएचसी की टीम को युवक के घर भेजा। इस दौरान पता चला कि वह तीन माह से घर नहीं आया है। इस पर विभाग के लोगों ने राहत की सांस ली।
रिटायर होने पर तीन कर्मचारियों को दी विदाई
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। रेलवे और आरपीएफ के तीन कर्मचारियों को रिटायर होने पर शुक्रवार को साथियों ने विदाई दी। कोचिंग डिपो ऑफिस के अवर अभियंता सीपी सरोज और आरपीएफ थाने पर तैनात हेड कांस्टेबल रमाशंकर मिश्र शुक्रवार को रिटायर हो गए। जबकि अतहर हुसैन ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली। तीनों कर्मचारियों को शुक्रवार को विदाई दी गई। इस मौके पर सीडीओ विमलेंद्र भूषण शुक्ला, स्टेशन अधीक्षक एसके यादव, आरपीएफ इंस्पेक्टर सीपी मिश्र, केडी तिवारी, विजय सिंह, धर्मेंद्र दुबे, जीआरपी एसओ पप्पू यादव, मो. शफी आदि मौजूद रहे।