बारिश के बाद बढ़ी उमस की वजह से लोग उल्टी, दस्त और पेट दर्द के शिकार हो रहे हैं। इन दिनों रोजाना करीब 150 मरीज पेट दर्द की शिकायत लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे हैं।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की ओपीडी में पेट दर्द, उल्टी-दस्त और गैस जैसी बीमारी से परेशान मरीजों की संख्या में अचानक इजाफा हो गया है। ओपीडी में करीब एक हजार मरीजों के सापेक्ष 150 से अधिक मरीज सिर्फ पेट संबंधी शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
संक्रामक बीमारी की चपेट में आने वाले मरीजों में बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक है। फिजीशियन डॉ. अनुज चौरसिया ने बताया कि बारिश के बाद गर्मी के बढ़ने से लोगों की पाचन क्रिया प्रभावित हुई है। बासी भोजन और दूषित पानी पीने से पेट में इंफेक्शन होने का खतरा बना रहता है। इनसेट-
नींबू-पानी के सेवन की सलाह
संक्रामक बीमारी की चपेट आने वाले मरीजों को चिकित्सक ओरआरएस घोल के अलावा नींबू, नमक व चीनी का घोल बनाकर पीने की सलाह दे रहे हैं। ताजा भोजन, उबले हुए पानी के सेवन की हिदायत दी जा रही है। खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से परहेज करने को कहा गया है।