रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। नए साल में बस पर सवार होने के बाद उन्हें फुटकर पैसों की खोज नहीं करनी होगी। बल्कि वे कैशलेस सफर कर सकेंगे। इसकी तैयारी में विभाग जुट गया है। जिले में 97 ईटिकटिंग मशीनें की डिमांड आरएमएम ने तैयार कर डिमांड शासन को भेजा है।
राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) बसों में कैशलेस सफर की सुविधा नए साल में शुरू करने की तैयारी में है। कैशलेस सुविधा शुरू होने से यात्रियों को नकद भुगतान से राहत मिलेगी। आरएम प्रयागराज ने प्रतापगढ़ जनपद के लिए 97 ई-टिकटिंग मशीनें (ईटीएम) की डिमांड शासन को भेजा है। बताया जा रहा है कि मशीन खरीद की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। नए साल में कैशलेस टिकट की व्यवस्था विभाग शुरू कर देगा। परिवहन निगम के आरएम टीपी विशेन के मुताबिक, रोडवेज बसों में कैशलेस सफर की सुविधा नए साल में शुरू करने की तैयारी चल रही है। कैशलेस सुविधा शुरू होने से न केवल टिकट बनेगा बल्कि सभी तरह के डेबिट-क्रेडिट कार्ड से भुगतान भी हो सकेगा।
नए साल में जनवरी के अंत तक मशीनों का ट्रायल शुरू होगा। आगामी तीन माह में सेवा प्रदाता कंपनी ईटीएम की आपूर्ति कर देगी। इस फैसले पर परिवहन निगम बोर्ड की मुहर भी लग चुकी है। रोडवेज की सभी ईटीएम ऑनलाइन होंगी। नए साल में अत्याधुनिक एंड्रायड ईटीएम से यात्री कार्ड के माध्यम से कैशलेस यात्रा कर सकेंगे। सभी मशीनें ऑनलाइन होने से बिके हुए टिकटों की निगरानी भी आसान हो सकेगी।
ईटीएम में स्मार्ट कार्ड, स्मार्ट एमएसटी, क्रेडिट-डेबिट समेत अन्य कार्ड से भुगतान की व्यवस्था होगी। इसके अलावा भविष्य में ईटीएम का उपयोग नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड के रूप में भी हो सकेगा। इससे यात्री रोडवेज, सिटी बस, मेट्रो में भी कैशलेस सफर कर सकेंगे। इन ई-टिकटिग मशीनों को नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) से जोड़ने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इन मशीनों का उपयोग अन्य कार्यों में भी किया जाएगा।