सदर तहसील में कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। प्रत्याशी 30 सितंबर तक नामांकन कर सकेंगे। तहसील गेट पर प्रत्याशी के समर्थक रोक लिए जाएंगे। मुख्य गेट पर पुलिस के साथ ही पीएसी तैनात रहेगी। नामांकन स्थल का जायजा लेने के बाद अधिकारियों ने इसकी हरी झंडी दिखाई। देर शाम बैरीकेडिंग भी शुरू हुई।
सदर विधानसभा उपचुनाव का बिगुल बजने के बाद जिला प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद उपचुनाव की प्रक्रिया 23 सितंबर से प्रारंभ हो रही है। इसी दिन अधिसूचना जारी हो रही है। इस बार तहसील सदर में उपजिलाधिकारी न्यायालय को नामांकन स्थल बनाया गया है।
इसके लिए मुख्य गेट पर ही बैरियर लगाया जाएगा। केवल प्रत्याशी व प्रस्ताव ही भीतर जा सकेंगे। निर्दलीय प्रत्याशियों के साथ दस प्रस्तावक भीतर जा सकेंगे। जबकि राष्ट्रीय पार्टी के प्रत्याशियों के साथ केवल दो प्रस्तावक व एक समर्थक नामांकन स्थल में प्रवेश कर सकेंगे। गेट पर पुलिस के साथ ही पीएसी लगाई गई है।
लोगों पर नजर रखने के लिए सीओ सिटी अतुल शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहेंगे। चुनाव से जुड़े अधिकारियों ने भी तहसील सदर का जायजा लिया। देर शाम बैरियर लगाने का काम शुरू हो गया। नामांकन अवधि के बीच तहसील परिसर में दूसरे लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कोतवाली जाने वाले लोगों को पीछे के रास्ते से निकलना होगा।
निर्वाचन प्रक्रिया पर एक नजर
निर्वाचन की अधिसूचना व नामांकन प्रारंभ 23 सितंबर
नाम निर्देशन के लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर
नामांकन पत्रों की जांच 1 अक्तूबर
नाम वापसी के लिए अंतिम तिथि 3 अक्तूबर
मतदान तिथि 21 अक्तूबर
मतगणना 24 अक्तूबर
सदर ब्लाक के सगरा गांव में लगी राजनीतिक होर्डिग्स को पोल से उतारता लेखपाल।- फोटो : PRATAPGARH
सदर तहसील परिसर में विधानसभा उप चुनाव को नामांकन स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगाते कर्मचारी।- फोटो : PRATAPGARH