विधानसभा चुनाव की तैयारियां पूरी हो गई हैं। 30 जनवरी से नामांकन शुरू हो जाएगा। पर्चे 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन करने वाले प्रत्याशी अपने प्रस्तावकों के साथ भीतर प्रवेश कर सकेंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नामांकन की आखिरी तारीख 6 फरवरी है।
विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार से कचहरी में स्थित विभिन्न न्यायालयों में सातों विधानसभा के लिए नामांकन प्रारंभ होगा। नामांकन पत्र दाखिल करने का काम 30 जनवरी से 6 फरवरी तक चलेगा। 7 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। उसी दिन चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। 23 फरवरी को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। रामपुर खास विधानसभा के लिए प्रत्याशी न्यायालय कक्ष उप जिलाधिकारी अतिरिक्त, बाबागंज विस के लिए न्यायालय कक्ष अपर जिलाधिकारी, कुुंडा विस के लिए न्यायालय कक्ष जिलाधिकारी, विश्वनाथगंज विस के लिए न्यायालय कक्ष बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, सदर विस के लिए न्यायालय कक्ष अपर उप जिलाधिकारी (द्वितीय), पट्टी विस के लिए न्यायालय कक्ष उप संचालक चकबंदी
और रानीगंज विधानसभा के प्रत्याशी मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय में अपना नामांकन कर सकेंगे। कल से ही नामांकन पत्रों की बिक्री का भी कार्य शुरू होगा। कोई भी व्यक्ति इसे 11 बजे के बाद खरीद सकता है। सुरक्षा प्रबंधों के बारे में पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय ने बताया कि नामांकन के दिन प्रत्याशी अधिकतम 10 वाहनों का काफिला लेकर चल सकते हैं। मगर 7 वाहन उन्हें दूर निर्धारित जगह पर खड़ा करना होगा। तीन वाहन से वे कलेक्ट्रेट के थोड़ा नजदीक तक पहुंचेंगे। उसके बाद राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त दलों के लोग अधिकतम चार लोगों के साथ नामांकन कक्ष में जा सकेंगे जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों को दस प्रस्तावक ले जाना होगा। जिन लोगों को सुरक्षा प्राप्त है उन्हें अपने अंगरक्षक नामांकन कक्ष से सौ मीटर दूर रोकना होगा। तलाशी के बाद ही प्रत्याशी और उनके प्रस्तावक भीतर दाखिल हो सकेंगे। वाहनों को रोकने के लिए शहर आने वाले सभी ओर के मार्गों पर वाहन स्टैंड बनाए गए हैं। कुंडा, बाबागंज, रामपुर खास के प्रत्याशी एनआईसी गेट से तो सदर, पट्टी, विश्वनाथगंज और पट्टी के प्रत्याशी पुलिस लाइन गेट से नामांकन के लिए प्रवेश करेंगे।