बिजली चोरों के खिलाफ सोमवार को समूचे जिले में चले चेकिंग अभियान में 16 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके साथ ही 42 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। पहले दिन ही 22 लाख की वसूली की गई। अभियान में पुलिस बल के साथ एसडीएम, सीओ व बिजली विभाग के अफसर शामिल रहे। चेकिंग अभियान से हड़कंप मचा रहा।
चेकिंग अभियान पर निकली टीम को कई गड़बड़ियां मिलीं। चोरी के कनेक्शन से लेकर मीटर के साथ छेड़छाड़ व बकाएदारों की लंबी फेहरिस्त देखने को मिली। आजादनगर मोहल्ले में पहुंची टीम को बड़ी गड़बड़ी मिली। चेकिंग करने एक घर में घुसी टीम ने मीटर चेक किया तो पाया उसके साथ छेड़छाड़ की गई थी। बाईपास कर चार लोगों ने चोरी से कनेक्शन लिया था। इनके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया।
इसके अलावा ग्रामीणांचल पट्टी, लालगंज, रानीगंज व गड़वारा आदि क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान कई कनेक्शन फर्जी पाए गए। उनके खिलाफ भी संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। चेकिंग टीम ने 221 उपभोक्ताओं की चेकिंग की। पुलिस बल मौजूद होने से कोई विरोध करने की हिम्मत नहीं कर सका। इससे बिजली विभाग का काम आसान हो गया।