शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए निकली टीम को देख दुकानदारों ने खुद ही अपना सामान समेट लिया। राजापाल चौराहे से लेकर विक्रम तिराहे तक तमाशबीनों का मजमा लगा रहा।
सदर एसडीएम जेपी मिश्रा की अगुवाई में सोमवार को अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान राजापाल चौराहे से प्रारंभ हुआ। नगर पालिका कर्मचारियों और अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची जेसीबी को देख लोग खुद दुकानों के बाहर से सामान हटाने लगे। रास्ते में मोरंग डंप देख एसडीएम बिफर गए। पूछताछ के बाद दुकानदार सामने आया तो उसे शाम तक मोरंग हटाने की मोहलत दी। कहाकि मंगलवार को मोरंग मिला तो जेसीबी उसे उठवा लिया जाएगा।
इसके बाद केपी कॉलेज के करीब भी मोरंग हटाने का आदेश दिया। विक्रम तिराहे तक टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। इस दौरान नगर पालिका कर्मियों के साथ ही सिविल लाइन चौकी प्रभारी अजीत शुक्ला पीएसी के जवानों के साथ मौजूद रहे। इसी बीच अफवाह फैली कि अंबेडकर तिराहे की ओर टीम आ रही है तो दुकानदार सामान लेकर भागने लगे।
शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा प्रशासनिक अमला अतिक्रमण हटाने में ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। सोमवार को सीओ सिटी एमपी सलोनिया दलबल के साथ चौक से लेकर महिला अस्पताल तक जाम की समस्या दूर करने के लिए सक्रिय रहे। कोतवाली पुलिस के साथ एक्शन मोबाइल टीम भी सक्रिय रही। सक्रियता का असर रहा कि पटरियां खाली नजर आईं। हालांकि कुछ लोगों को असुविधा जरूर हुई।