अनुदेशक की नौकरी हथियाने के लिए आवेदन करने के बाद अंक पत्रों में छेड़छाड़ कर मेरिट बढ़ाने का मामला पकड़ा गया है। विभाग ने ऐसे सात अभ्यर्थियों को चिह्नित कर बाहर का रास्ता दिखा दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग के पूर्व माध्यमिक स्कूलों के बच्चों को कौशल विकास की शिक्षा देने के लिए अनुदेशकों की तैनाती की जा रही है। विभाग में खाली पड़े 157 पदों के लिए 18 से 20 मार्च के बीच बीएसए कार्यालय में काउंसिलिंग हुई। विभिन्न वर्ग में हुई काउंसिलिंग में कुल 70 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई।
काउंसिलिंग समाप्त होते ही विभाग ने अभिलेखों का मिलान करने में जुट गया है। इधर विभाग के सत्यापन में 70 अभ्यर्थियों में सात अभ्यर्थी ऐसे मिले हैं जिनका आनलाइन आवेदन और काउंसिलिंग के समय विभाग में जमा हुए अभिलेखों में काफी अंतर है। दो अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्होंने आनलाइन आवेदन करने के बाद अंकपत्र में छेड़छाड़ कर मेरिट बढ़ा दी है जबकि पांच लोगों के मूल अभिलेखों में अंक कम हैं, जबकि आवेदन में अधिक अंक दिखाए गए हैं।
तीन दिन की काउंसिलिंग में अभी भी आधे से अधिक सीटें खाली हैं। ऐसे में विभाग का मानना है कि जल्द ही मेरिट डाउन कर दूसरी काउंसिलिंग के लिए अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। बीएसए एसटी हुसैन ने बताया कि फर्जीवाड़े की जानकारी शीर्ष अधिकारियों को दी गई है, अधिकारियों के निर्देश पर अगला कदम उठाया जाएगा।