इलाहाबाद-फैजाबाद हाईवे निर्माण के चलते शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई। छोटे और बड़े वाहनों के चलते लगने वाले जाम से लोग कराह उठे। जाम हटाने के लिए चौकी के पुलिसकर्मियों को पसीना बहाना पड़ा। हाईवे निर्माण कार्य मंगलवार को भंगवा चुंगी चौराहा पहुंचा। कुछ ही देर में चौराहे पर वाहनों का जमघट लगाने लगा। चूंकि एक ही रूट पर दोनों ओर से वाहन आने-जाने लगे। ऐसे में कचहरी से लेकर चौक और जोगापुर की ओर जाने वाले मार्ग पर ऐसा जाम लगा कि चौराहे पर मौजूद यातायात विभाग के होमगार्डों के होश उड़ गए।
वे वाहनों को रोकने की कोशिश करते लेकिन कोई सुनने को राजी नहीं था। नतीजा कुछ ही देर में वाहनों का लंबा काफिला चौराहे के चारों ओर लग गया। इससे बस, मैजिक समेत दूसरे वाहनों में सवार लोग हलाकान हो गए। यह देख भंगवा चुंगी चौकी प्रभारी एसएम कासिम ने पुलिसकर्मियों के साथ यातायात की कमान संभाली। करीब पंद्रह मिनट पसीना बहाने के बाद यातायात व्यवस्था पटरी पर आ सकी। इसके बावजूद चौक से लेकर बाबागंज और सदर चौराहे तक वाहनों के जाम से राहगीरों को मशक्कत करनी पड़ी। सदर बाजार से वाहनों को भेजने पर रोक लगाई गई थी। इसके बावजूद वहां से लगातार वाहन आ रहे थे।