कैबिनेट मंत्री शिवाकांत ओझा के कॉलेज के छात्रों ने बाबू संतबख्श सिंह शिवमूर्ति इंटर कॉलेज के प्रबंधक और केंद्र व्यवस्थापक पर नकल के लिए रुपये न देने पर पिटाई का आरोप लगाते हुए लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर जाम लगा दिया। आक्रोशित छात्रों ने पथराव कर कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने लाठिया पटककर उपद्रव कर रहे छात्रों को खदेड़ा। इसके बाद जाकर वाहनों का आवागमन बहाल हो सका।
मंत्री शिवाकांत ओझा का लालगंज कोतवाली के सगरासुंदरपुर इलाके में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कालेज है। बोर्ड परीक्षा में कालेज का सेंटर कोतवाली क्षेत्र के ही संडवा दुबान स्थित बाबू संतबक्श सिंह इंटर कालेज गया है। इंटर के परीक्षार्थी मंगलवार को भौतिक विज्ञान का पेपर देने गए थे। वहां से लौटने के बाद परीक्षार्थियों ने अपने कालेज के सामने रोड पर जाम लगा दिया। वे बाबू संत बक्श सिंह इंटर कालेज के प्रबंधक और केंद्र व्यवस्थापक पर आरोप लगाने लगे कि वे नकल के लिए रुपए न देने पर उन लोगों के साथ अभद्रता किए और कई छात्रों को मारापीटा भी।
शाम करीब छह बजे से चल रहे जाम के दौरान छात्र नारेबाजी कर रहे थे। सूचना मिलने पर लालगंज के प्रभारी कोतवाल सभाजीत मिश्रा और नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। वे छात्रों को समझाने की कोशिश करने लगे लेकिन छात्र कालेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की जिद पर अड़े रहे। इस दौरान छात्रों ने कई वाहनों पर पथराव कर दिया। जिससे वाहनों के शीशे टूट गए और उसमें सवार लोग बाल-बाल बचे। यह देख पुलिस ने छात्रों को काबू में करने के लिए लाठियां पटककर दौड़ाया। पुलिस का तेवर देख छात्र भागने लगे। पुलिस ने दूर तक जाम लगाए लोगों को चहेटकर भगाया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका।