कचहरी परिसर में शनिवार को जिला बार एसोसिएशन का 91वां स्थापना वर्ष समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति नीरज तिवारी रहे। उन्होंने कहा कि नए दीवानी न्यायालय भवन का जल्द निर्माण होगा। विशिष्ट अतिथि के तौर पर हाईकोर्ट इलाहाबाद के न्यायमूर्ति राजीव सिंह रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जज अब्दुल शाहिद ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती मां के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ।
मुख्य अतिथियों ने बाबू राम प्रताप सिंह की 100वीं वर्षगांठ पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। अधिवक्ताओं ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत व सम्मान किया।
जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बारी-बारी से एसोसिएशन के इतिहास एवं न्यायिक अफसरों व अधिवक्ताओं के बीच समन्वय से समाज के निचले तबके को न्याय दिलाने को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता हरगोविंद सिंह परिहार ने नए दीवानी न्यायालय के निर्माण की बात कही।
मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति नीरज तिवारी ने कहा कि नए दीवानी न्यायालय भवन अगले वर्ष जिला बार की वर्षगांठ मनाई जाएगी। जिला बार एसोसिएशन नए दीवानी न्यायालय भवन का प्रस्ताव दे, जिस पर जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा। प्रस्ताव मिलने पर दीवानी न्यायालय के नए भवन के लिए भूमि को चिंह्ति किया जाएगा। बताया कि वह खुद प्रतापगढ़ से हैं। यहां के लोगों से मेरा भावनात्मक लगाव है।
हाईकोर्ट इलाहाबाद के न्यायमूर्ति राजीव सिंह ने कहा कि नए अधिवक्ता अधिक से अधिक पढ़ें और वरिष्ठ अधिवक्ताओं से सीखें। बार काउंसिल उप्र सदस्य प्रदीप कुमार ने ई-लाइब्रेरी की सौगात देने की घोषणा की। कार्यक्रम में डीएम शिव सहाय अवस्थी, उच्च न्यायालय इलाहाबाद के वरिष्ठ अधिवक्ता हरि गोविंद सिंह परिहार, बार काउंसिल उप्र के सदस्य अमेंद्र नाथ सिंह, प्रदीप कुमार व जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष बृजेश बहादुर सिंह ने अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के दौरान जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, रामचंद्र सिंह, एल्डर कमेटी के अध्यक्ष जयनारायन सिंह, शंभू सिंह, जवाहर लाल द्विवेदी समेत जूनियर बार एसोसिएशन, रुरल बार, वकील परिषद समेत अन्य अधिवक्ता संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।